अमित शाह आज आएंगे महेंद्रगढ़, अहीरवाल क्षेत्र पर रहेगा फोकस, इन जिलों की विधानसभा सीटों पर रहेगी नजर
राव इंद्रजीत सिंह पार्टी से नाराज
दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पार्टी में चल रही कलह का खुलकर जिक्र कर चुके हैं और हाल ही में लोकसभा चुनाव में जीत के बाद उन्होंने अपने धन्यवाद दौरों के दौरान राज्य सरकार को चेतावनी भी दी थी। उन्होंने खुलकर कहा था कि राज्य में सरकार बनाने का रास्ता दक्षिणी हरियाणा से होकर गुजरता है। राव पार्टी से नाराज हैं। अमित शाह अहीरवाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत भी दे सकते हैं।
दक्षिणी हरियाणा के सात जिलों में हैं 24 विधानसभा सीटें
दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात समेत अन्य जिलों की 24 विधानसभा सीटों पर बड़े ओबीसी वोट बैंक को लुभाने की भाजपा की नजर है। भिवानी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और झज्जर जिलों में चार-चार, रेवाड़ी और मेवात में तीन-तीन तथा चरखी दादरी में दो विधानसभा सीटें हैं। इन सभी विधानसभा सीटों के लिए भाजपा ने महेंद्रगढ़ में ओबीसी सम्मान समारोह का आयोजन किया है। बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बीसी वर्ग में क्रीमीलेयर की सीमा छह लाख से बढ़ाकर आठ लाख करके इस वर्ग को बड़ी राहत दी थी। सम्मेलन में पिछड़ा वर्ग के सम्मान के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं से इस वर्ग के लोगों को अवगत कराया जाएगा।