सिरसा में महिला ने फांसी लगाकर जान दी: भाई बोला- दहेज के लिए करते थे परेशान, मारकर फंदे पर लटकाया, जानिए पूरी कहानी

राजस्थान के गांव असरजाना निवासी शीला की शादी 5 मार्च 2018 को सिरसा जिले के गांव धोलपालिया निवासी मुकेश कुमार के साथ हुई थी। परिजनों के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
दोनों बहनों को प्रताड़ित किया जाता था
भाई महेश का कहना है कि उसकी 3 बहनें हैं। शीला और कविता की शादी धोलपालिया गांव के महेंद्र सिंह के बेटों मुकेश और दिनेश से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने शीला और कविता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मुकेश और दिनेश ने उसकी बहनों के साथ मारपीट भी की। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई।
महेश का कहना है कि पिछले ढाई साल से उसकी बहन शीला अपने पति के साथ अलग रह रही थी। उसके ससुराल वाले कविता के साथ रह रहे थे। 22 जुलाई को उसे फोन आया कि शीला ने फांसी लगा ली है। इसके बाद वह अपनी बहन के ससुराल पहुंचा।
कहा- हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया
महेश ने पुलिस को बताया कि उसे पूरा यकीन है कि उसकी बहन की हत्या उसके पति मुकेश, देवर दिनेश, ससुर महेंद्र और सास शीला देवी ने की है और बाद में उसके शव को फंदे से लटका दिया, ताकि लगे कि शीला ने आत्महत्या की है।