Haryana News: हरियाणा में मतगणना केंद्रों के पास कडी़ सख्ती, लागू धारा 144, 4 जून को होगी गिनती
Haryana News: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 144 लगा दी गई है, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
लोकसभा आम चुनाव 2024 की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट प्रदीप दहिया ने जिले में बनाए गए मतगणना केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले में 8 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना महावीर स्टेडियम स्थित जिम्नास्टिक हॉल (पूर्वी व पश्चिमी विंग), जूडो हॉल, सुविधा केंद्र, बॉक्सिंग हॉल, कुश्ती हॉल और सिल्वर जुबली हॉल (पूर्वी व पश्चिमी विंग) में होनी है। मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-144 और मतगणना क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट प्रदीप दहिया ने दंड प्रक्रिया 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 4 जून 2024 को मतगणना पूर्ण होने तक मतगणना केंद्रों के आसपास के 200 मीटर क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है, ड्रोन नियम 2021 के तहत जिला हिसार में ड्रोन/ग्लाइडर के प्रयोग व उड़ान पर प्रतिबंध लगाते हुए 4 जून को मतगणना क्षेत्र को रेड जोन तथा मतगणना केंद्रों के 100 मीटर क्षेत्र को पैदल यात्री क्षेत्र घोषित किया है। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 188 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

