Haryana: हरियाणा में ये 2 MLA दे सकते हैं इस्तीफा, सैनी सरकार के लिए चनौती, सूत्रों से खबर
Haryana Rajniti: हरियाणा में नायब सिंह सैनी की सरकार को बचाने के लिए अब प्रयास तेज हो गए हैं। इसके लिए पूर्व सीएम और मौजूदा सीएम ने खास प्लान बनाना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक जेजेपी के दो विधायक- नरवाना से रामनिवास सुरजाखेड़ा और बरवाला से जोगीराम सिहाग विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं।
दोनों विधायकों ने बुधवार रात मुख्यमंत्री आवास पर नायब सैनी से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सीएम मनोहर लाल भी मौजूद रहे। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी इन दोनों जेजेपी विधायकों से इस्तीफा दिलवाने की तैयारी में है। आगामी विधानसभा चुनाव में ये दोनों विधायक बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं, गुरुवार को सीएम नायब सैनी ने टोहाना विधायक और पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली से विधानसभा सचिवालय में मुलाकात की।
माना जा रहा है कि बबली को भी मनाने की कोशिश की जा रही है। मनोहर लाल के 12 मार्च को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और बीजेपी-जेजेपी गठबंधन टूटने के बाद बबली इस्तीफा देने को तैयार थे, लेकिन उस समय बीजेपी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसके बाद बबली ने समर्थकों से राय ली और सिरसा से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा को समर्थन देने का एलान किया। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को सीएम नायब सैनी ने बबली से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा।
लेकिन बबली ने कहा है कि उन्होंने अब अपने लिए राजनीतिक रास्ता चुन लिया है। गौरतलब है कि जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा और जोगीराम सिहाग ने न केवल लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने का एलान किया, बल्कि भाजपा नेताओं के साथ मंच भी साझा किया।
जजपा ने स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को लिखित में शिकायत कर दलबदल विरोधी कानून के तहत दोनों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। ऐसे बनेगा जादुई आंकड़ा नायब सैनी की जीत के बाद भाजपा विधायकों की संख्या 41 हो गई है। रानिया से विधायक रणजीत सिंह इस्तीफा दे चुके हैं। निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का निधन हो गया।
ऐसे में 90 सदस्यीय विधानसभा में 88 विधायक हैं। मुलाना से कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी सांसद बन चुके हैं। अब संख्या 87 हो जाएगी। अगर जेजेपी के दो विधायक इस्तीफा देते हैं तो यह आंकड़ा 85 हो जाएगा। बहुमत के लिए 43 विधायकों की जरूरत होगी। भाजपा के 41 विधायकों के अलावा पृथला से निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत और सिरसा से हलोपा के गोपाल कांडा ने सरकार को समर्थन दिया है। नायब सरकार की ताकत 43 हो जाएगी।

