हरियाणा में बीजेपी प्रत्याशी के कार्यक्रम में हाथापाई: किसानों ने पूछा 5 साल तक क्यों नहीं आए?
हरियाणा की रोहतक लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा को लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को टिटौली गांव में वोट मांगने पहुंचे अरविंद शर्मा से किसानों ने सवाल पूछना शुरू कर दिया. किसानों ने शर्मा से पूछा कि आप 5 साल तक कहां थे? इस पर अरविंद शर्मा के समर्थकों ने उन्हें कांग्रेसी बताया.
यह सुनकर किसान क्रोधित हो गए। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. विवाद बढ़ता देख अरविंद शर्मा कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए. एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों के बीच हाथापाई होती दिख रही है.
भारतीय किसान यूनियन की महिला जिला अध्यक्ष मोनिका ने कहा कि उन्होंने सांसद से सिर्फ सवाल पूछा था, लेकिन सांसद जवाब नहीं दे सके और वहां से चले गए. टिटौली गांव में जब सांसद से सवाल पूछा गया तो किसान नेता के परिजनों से आयोजकों की बहस हो गई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई. किसान शांतिपूर्ण तरीके से सवाल पूछने आए थे.
लड़की ने मंच से माइक उठाया और सवाल पूछा
इससे पहले अरविंद शर्मा सिसरौली गांव पहुंचे थे. जहां कार्यक्रम के बीच में ही उनका विरोध शुरू हो गया. मंच से एक लड़की ने माइक उठाया. उन्होंने सांसद से पूछा, आप 5 साल तक कहां थे? अब चुनाव में आपके वोट की जरूरत है तो वोट मांगने आये हैं. मौके पर अरविंद शर्मा के समर्थकों ने लड़की के बयान का विरोध किया. पुलिस ने लड़की से माइक ले लिया. उन्हें मंच से नीचे उतारा गया और जबरन वहां से बाहर ले जाया गया.
काले झंडे दिखाए, भाषण बीच में छोड़ना पड़ा
7 अप्रैल को डॉ. अरविंद शर्मा गांव सैमाण और गांव भैणी सुरजन में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आए थे। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए. कार्यक्रम स्थल में घुसने के लिए भी धक्का-मुक्की हुई. आयोजक और भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों को रोकते रहे, लेकिन वे असफल रहे।
कार्यक्रम के दौरान जब डॉ. अरविंद शर्मा अपना भाषण दे रहे थे तो किसानों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया. किसानों ने अरविंद शर्मा को काले झंडे दिखाए. शर्मा ने अपना भाषण बीच में ही छोड़ दिया.

