हरियाणा कैबिनेट में विपुल सबसे अमीर: शर्मा हुड्डा को हराने वाले इकलौते नेता, नरबीर राव ने इंद्रजीत को हराया है; जानिए मंत्रियों की विस्तृत प्रोफाइल...

हरियाणा में गुरुवार (17 अक्टूबर) को सीएम नायब सैनी के साथ 13 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। खास बात यह है कि सैनी की कैबिनेट में किसी भी मंत्री के खिलाफ कोई मामला नहीं है, यानी साफ-सुथरी कैबिनेट बनाई गई है।
कैबिनेट में शामिल 14 चेहरों में से 13 करोड़पति हैं, जिनमें सीएम सैनी भी शामिल हैं। चुनाव के दौरान जमा किए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, विपुल गोयल के पास सबसे ज्यादा 98 करोड़ की संपत्ति है। कृष्ण कुमार बेदी एकमात्र ऐसे मंत्री हैं, जो करोड़पति नहीं हैं। उनकी कुल संपत्ति 57 लाख है।
सैनी की कैबिनेट में सबसे कम उम्र के गौरव गौतम हैं, जिनकी उम्र 36 साल है। सबसे उम्रदराज मंत्री श्याम सिंह राणा हैं, जिनकी उम्र 76 साल है। आरती राव और श्रुति चौधरी कैबिनेट में महिला चेहरे हैं।
शिक्षा की बात करें तो मंत्री बनने वालों में अरविंद शर्मा डॉक्टर हैं। सीएम नायब सैनी और श्रुति चौधरी ने एलएलबी की है। वहीं, आरती राव और गौरव गौतम के पास कोई कार नहीं है।
कैबिनेट में शामिल अरविंद शर्मा पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा को लोकसभा चुनाव में हरा चुके हैं। नरबीर ने 1987 के विधानसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह को हराया था।