Haryana BJP President: हरियाणा में विधानसभा से पहले BJP को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, इस नेता का नाम सबसे आगे
Haryana BJP President: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा भी संभव है।
हरियाणा में पार्टी को जहां नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है, वहीं संगठनात्मक स्तर पर भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी जातिगत समीकरणों के हिसाब से भी नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा उन विधानसभा सीटों पर पिछड़ गई है, जहां जाट मतदाता ज्यादा हैं। ऐसे में डैमेज कंट्रोल के लिए भाजपा किसी जाट चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। फिलहाल भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में चार चेहरे हैं। इनमें पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और सुभाष बराला बड़े जाट नेता हैं।
अगर भाजपा किसी जाट नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाती है तो उस दौड़ में ये तीनों सबसे आगे नजर आ रहे हैं। वहीं अगर पंजाबी वोट बैंक को साधने के लिए किसी को कमान सौंपी जाती है तो करनाल से सांसद रहे संजय भाटिया और मनीष ग्रोवर को भी मौका मिल सकता है। इसके साथ ही पार्टी संगठन में भी बड़े बदलाव कर सकती है।
जिसमें लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को देखते हुए जिला अध्यक्षों के चेहरे भी बदले जा सकते हैं। वहीं संगठन विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर काम कर सकता है। ऐसे में उम्मीद है कि पार्टी जल्द ही किसी नए चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। ताकि विधानसभा चुनाव के लिए संगठन अपनी गतिविधियां तेज कर सके।