Haryana CM News: हरियाणा के नए सीएम नायब सिंह सैनी आज लेंगे विधायक पद की शपथ, करनाल से जीते हैं उपचुनाव

Haryana CM News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आज विधायक पद की शपथ लेंगे। उन्होंने करनाल विधानसभा से उपचुनाव जीता है। स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता आज विधानसभा में उन्हें शपथ दिलाएंगे।
आपको बता दें कि नायब सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद रहते हुए मुख्यमंत्री बने थे। ऐसे में उनका छह महीने के अंदर विधानसभा का सदस्य चुना जाना जरूरी था।
नायब सैनी की जीत के साथ ही विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 41 हो गई है। सिरसा से हलोपा विधायक गोपाल कांडा और पृथला से निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत भी नायब सरकार का समर्थन करते हैं। यानी संख्या बल 43 है।
नायब सिंह सैनी ने करनाल विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के सरदार तरलोचन सिंह को 41 हजार 483 वोटों के अंतर से हराया। नायब सैनी को कुल 94 हजार 714 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी को 53 हजार 231 वोट मिले।
यहां नोटा को 1106 वोट मिले हैं। राष्ट्रीय गरीब दल के तिलकराज सिंगला को 331 वोट, निर्दलीय इंजीनियर सुरेश कुमार को 296 वोट, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया के सुरेश कुमार को 279 वोट, राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी के रोहतास को 252 वोट, निर्दलीय राजेंद्र आर्य को 212 वोट और शमशेर सिंह नैन को 143 वोट मिले। नायब सिंह सैनी की जीत के बाद हरियाणा विधानसभा में भाजपा की ताकत 41 वोट हो गई है। भाजपा के पास पहले से ही 40 विधायक हैं।
दूसरी ओर, मुलाना से कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी अंबाला से सांसद चुने गए हैं। रानिया से निर्दलीय विधायक चौधरी रणजीत सिंह पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का निधन हो चुका है। ऐसे में 90 सदस्यीय विधानसभा में 87 विधायक हैं। नायब सरकार को 44 विधायकों की जरूरत है।