Haryana: राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने रणजीत चौटाला पर कसा तंज, कहा- कभी-कभी कांग्रेस पार्टी ....
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने कहा है कि रणजीत सिंह बहुत वरिष्ठ नेता हैं और कभी-कभी उन पर कांग्रेस पार्टी का प्रभाव पड़ सकता है। वे जीवनभर कांग्रेस पार्टी में रहे हैं। उन्हें यह ध्यान रखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी अनुशासित कार्यकर्ताओं की पार्टी है।
भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। सुभाष बराला हिसार लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह द्वारा कुछ नेताओं को जयचंद कहे जाने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। टोहाना स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव में इतना झूठ बोला, संविधान और आरक्षण खत्म करने के नाम पर लोगों को धोखा दिया, गुमराह किया। महिलाओं के खातों में हर महीने 8500 रुपये जमा कराने का झूठा प्रचार किया गया।
इन सब हथकंडों के बावजूद देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें दीं। गौरतलब है कि रणजीत सिंह ने हिसार लोकसभा क्षेत्र में हार के बाद कुछ नेताओं को जयचंद कहा था। इस बारे में एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।
रणजीत सिंह का दावा है कि उन्होंने पार्टी हाईकमान को जयचंदों के नाम सौंपे हैं। बराला ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू के बाद यह पहला मौका है जब देश की जनता ने किसी पार्टी या व्यक्ति पर इतना भरोसा जताया है कि उसे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया है।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर बोलते हुए सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस में जबरदस्त गुटबाजी है, कहीं हुड्डा अपने बेटे को सीएम बनाना चाहते हैं, कहीं सुरजेवाला और कुमारी शैलजा सीएम बनना चाहते हैं। कांग्रेस में कौन-कौन सीएम बनना चाहता है, यह कोई नहीं जानता। कांग्रेस में गुटबाजी इतनी है कि लोगों ने उन्हें खुलकर लड़ते हुए देखा है। जनता उन्हें गंभीरता से नहीं लेने वाली है।