लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका, तीन निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस लिया

हरियाणा में भाजपा को झटका लगा है। तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा से समर्थन वापस ले लिया है। हरियाणा में उन्होंने कांग्रेस को बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। तीनों विधायक रोहतक पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। एक और निर्दलीय विधायक के समर्थन वापस लेने की चर्चा है। अभी उनका इंतजार किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद हैं। विधायकों ने नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार से समर्थन वापस लेकर बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया है। विधायकों ने समर्थन वापस लेकर नायब सिंह सैनी सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। कुछ दिन पहले ही भाजपा सरकार ने अपना बहुमत साबित किया था।
सही समय पर लिया गया सही फैसला: हुड्डा
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तीनों विधायकों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे साफ है कि लोगों का मौजूदा सरकार से मोहभंग हो चुका है और उन्होंने जनभावना को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सही समय पर लिया गया है। कांग्रेस के पक्ष में लहर है, वह भी कांग्रेस को बाहर से समर्थन देकर इसमें अपना योगदान देंगे। उन्होंने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया है।