आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर उम्मीदवार उतारने का किया ऐलान

आम आदमी पार्टी हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी राज्य की सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में इसकी घोषणा की। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मान ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी एक महत्वपूर्ण पार्टी बन गई है। आप आज एक राष्ट्रीय पार्टी है। गुजरात में 14 प्रतिशत वोट मिलने पर हम आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय पार्टी बन गए।
हमारी 2 राज्यों में सरकार है। गुजरात और गोवा में हमारे विधायक हैं। अब हरियाणा में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं। हम पूरी ताकत से लड़ेंगे। हरियाणा की संस्कृति पंजाब और दिल्ली से मिलती जुलती है मान ने कहा कि केजरीवाल भी हरियाणा से हैं। पंजाब, दिल्ली और हरियाणा की संस्कृति एक जैसी है। कुछ लोग दिल्ली का काम जानते हैं। कुछ लोग पंजाब का काम जानते हैं। मान ने कहा कि हमने अभी जालंधर उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर जहां भी मेरी ड्यूटी लगेगी। हम वहां जाएंगे और एक टीम के तौर पर लड़ेंगे। सांसद संजय सिंह पीएम पर भड़के
वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि पिछले 10 साल से भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। इस सरकार ने 10 साल में हरियाणा को क्या दिया? हरियाणा रंगदारी का गढ़ बन गया है। सड़कों पर लाठियां चल रही हैं। किसानों को रौंदा गया। हरियाणा में आपको शहीदों के कई घर मिल जाएंगे और आप अग्निवीर ला रहे हैं। आप चार साल के लिए संविदा पर नौकरी दे रहे हैं। अग्निवीर योजना को वापस लिया जाना चाहिए। किसान और बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है। अपराध बढ़ रहा है। आज हरियाणा को आम आदमी पार्टी की जरूरत है। हमने दिल्ली और पंजाब में अपना काम करके दिखाया है। बिना भ्रष्टाचार के नौकरियां दी हैं। कहीं कोई पेपर लीक नहीं हुआ। शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया। पार्टी ने नारा दिया 'हरियाणा में बदलेंगे हाल अब लाएंगे केजरीवाल'।
बूथ स्तर पर लड़ेंगे चुनाव
संदीप पाठक ने कहा कि अगर किसी को संदेह है कि आप हरियाणा में चुनाव कैसे लड़ेगी, तो मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि आप हरियाणा में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। बूथ स्तर पर लड़ेगी। हम हर जगह से बदलाव की आवाज सुनेंगे। हमने कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव लड़ा था। हम सिर्फ 20 हजार वोटों से हारे थे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। एसवाईएल के बारे में उन्होंने कहा कि मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा बात नहीं कर सकता।