नशे में धुत शख्स ने कार से कुचला पुलिसकर्मी, CCTV में कैद हुई घटना... पुलिसकर्मी PGI में भर्ती

 
 नशे में धुत शख्स ने कार से कुचला पुलिसकर्मी, CCTV में कैद हुई घटना... पुलिसकर्मी PGI में भर्ती
हरियाणा के करनाल में शराब के नशे में धुत एक युवक ने चेक पोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को अपनी कार से टक्कर मार दी। घटना के वक्त कार में दो लोग (गौरव और अमन) सवार थे और दोनों ही नशे में थे। दोनों करनाल के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिस पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाई गई, उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मी मनोज का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कार पुलिस चेक पोस्ट के सामने कई चक्कर लगाती है। कार बार-बार चौराहे से दाईं ओर मुड़ती है। ऐसे में चेक पोस्ट पर खड़े पुलिसकर्मियों को कार संदिग्ध लगती है और वे उसे रोकने के लिए बैरिकेड लगाकर आगे बढ़ते हैं। हालांकि, कार चालक कार रोकने की बजाय पुलिसकर्मी को कुचलता हुआ आगे निकल जाता है। एक पुलिसकर्मी दौड़कर कार का पीछा करने की कोशिश करता है, लेकिन असफल रहता है।

कार के बोनट से टकराने के बाद पुलिसकर्मी नीचे गिर जाता है और कार मौके से फरार हो जाती है। पुलिस ने बाद में वाहन की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया। घायल पुलिसकर्मी मनोज को कल्पना चावला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनोज का हालचाल जानने एसपी अस्पताल पहुंचे। मनोज के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों गौरव और अमन को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वाहन आरोपी गौरव के रिश्तेदार का है। दोनों आरोपी शराब पीकर वाहन में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कहीं चेक पोस्ट है तो सहयोग करें।

Tags

Around the web

News Hub
Icon