करनाल में दो की मौत: कंटीली तारों में करंट था, मजदूरी करने गए थे, मृतका मायके में रहती थी

हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र के राणा माजरा गांव में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। आरोप है कि खेत मालिक ने कंटीले तारों में करंट छोड़ रखा था। दोनों खेत पार कर रहे थे तभी कंटीले तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राणा माजरा निवासी इंसार और रामकली उर्फ कटारो देवी मजदूरी करते हैं। रामकली गांव की बेटी है और शादी के बाद से ही गांव में रह रही थी और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। संतोष, मोहम्मद नवाज, कलीम, सलीम व अन्य ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे इंसार और रामकली गढ़ी भराल क्षेत्र में खेतों में काम करने गए थे। वे अकेले नहीं थे, बल्कि उनके साथ 8-10 अन्य मजदूर भी चल रहे थे। खेत पर जाते समय उन्हें भी हल्का करंट लगा, लेकिन उन्होंने दूसरों को सचेत करते हुए तारों को बचा लिया, लेकिन इंसार और रामकली काफी पीछे थे, उन्हें नहीं पता था कि खेत मालिक ने कंटीले तारों में करंट छोड़ रखा है।
जैसे ही इंसार और रामकली ने तारों से बचते हुए खेत पार करने की कोशिश की, तो दोनों कंटीले तारों को छू गए। उन्हें जोरदार करंट लगा और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
करीब ढाई घंटे बाद परिजनों को मिली जानकारी
परिजनों का आरोप है कि हादसे के करीब ढाई घंटे बाद हमें मौत की जानकारी मिली। जब तक हम पहुंचे, आरोपी खेत मालिक ने सारे कंटीले तार ज्वार के खेत में छिपा दिए थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कंटीले तार पुलिस ने बरामद कर लिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका गांव की बेटी है
मृतका रामकली की शादी करीब 40 साल पहले हुई थी। परिवार के सदस्य संतोष ने बताया कि रामकली की शादी यूपी के खेड़ी में हुई थी, लेकिन कुछ साल बाद वह अपने मायके राणा माजरा आ गई थी। पति से कोई झगड़ा जैसी कोई बात नहीं थी, वह अपनी मर्जी से मायके में रह रही थी। 10 साल पहले रामकली के इकलौते भाई प्रीतम की कैंसर के कारण मौत हो गई थी। अब वह घर पर अकेली रहती थी। रामकली के तीन बच्चे हैं। जिसमें से बड़े बेटे और बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और एक अभी अविवाहित है।
तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया
मृतक इंसार के चचेरे भाई मुस्लिम ने बताया कि मृतक इंसार के तीन बच्चे हैं और तीनों लड़कियां हैं। मृतक अपने घर में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किसी की लापरवाही से दो घर बर्बाद हो गए हैं। कंटीली तारें उस खेत में नहीं थीं, जहां वे काम करने जा रहे थे, बल्कि किसी और के खेत में थीं। आरोपी खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
क्या कहती है पुलिस?
जांच अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि गांव राणा माजरा के दो मजदूरों की मौत हुई है। इनकी मौत करंट लगने से हुई है। इनमें एक महिला है और दूसरा पुरुष। दोनों अलग-अलग परिवारों से हैं। मृतका गांव की ही एक बेटी है, जो अपने मायके में रह रही थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।