हरियाणा में हुड्डा पर बोले शाह- मैं बिजनेसमैन का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं, डेटा लेकर मैदान में आया हूं

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रांगण में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री के अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद हैं। कार्यक्रम के लिए पूरे प्रदेश से राज्य परिवहन की बसें लगाई गई हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और सीएम सैनी ने अमित शाह का स्वागत किया है।
पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा, नायब सिंह सैनी की कैबिनेट ने तीन फैसले लिए हैं, पहला फैसला क्रीमीलेयर की सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख करना है। दूसरा, पंचायतों में 8% आरक्षण ग्रुप-ए के लिए था, इसके साथ ही अब ग्रुप-डी को आज से 5% आरक्षण मिलना शुरू हो जाएगा। तीसरा, नगर निगम में ग्रुप-बी के लिए 5% आरक्षण शुरू होगा और 8% वही रहेगा और ग्रुप-बी को 5% ज्यादा मिलेगा। ये तीनों फैसले पीएम मोदी की नीति को लागू करने वाले हैं।
अमित शाह ने मंच से भाजपा द्वारा ओबीसी के लिए किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने यह भी कहा कि हमने पिछड़ा वर्ग के बेटे नायब सिंह सैनी को हरियाणा का सीएम बनाया है। कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मैं बनिए का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं। उन्होंने कहा कि हमारे दस साल और हुड्डा के दस साल के काम देखिए। उन्होंने दस साल में भाजपा द्वारा किए गए कामों को गिनाया। उन्होंने गांवों में खर्च किए गए पैसे को भी गिनाया। अमित शाह ने कहा कि हुड्डा साहब आपको दस साल का हिसाब देना होगा, दस साल के कुशासन का, दस साल तक हर घर में पानी और सिलेंडर नहीं पहुंचा। उन्होंने हुड्डा साहब को चुनौती देते हुए कहा कि आंकड़ों के साथ मैदान में आएं।
उन्होंने कहा कि वे मुसलमानों को ओबीसी आरक्षण देते हैं। मैं कहता हूं कि हम मुसलमानों को ओबीसी आरक्षण कभी नहीं देने देंगे। उन्होंने सीएम सैनी को आम आदमी भी कहा। अमित शाह ने कहा कि मैं आपको एक राज बताता हूं कि मोदी जी के दिल में हरियाणा सबसे ऊपर है। वे यहां रहे हैं और काम किया है और एक-एक कार्यकर्ता को नाम से जानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज को एकजुट होकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी चाहिए। अमित शाह ने लोगों से भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे भी लगवाए।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के आला अधिकारियों की निगरानी में 1600 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। एचकेवी के गेट नंबर एक पर प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जबकि गेट नंबर दो से प्रवेश दिया गया है।
मुख्य मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री के अलावा मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व अन्य बड़े नेताओं के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रदेश भर से पहुंचने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए वीआईपी मंच पर 150 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों के लिए अलग से मंच बनाया गया है। वाटरप्रूफ पंडाल में करीब 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
बारिश से बढ़ सकती है आयोजकों की परेशानी
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे महेंद्रगढ़ क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। हालांकि कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया है। लेकिन अगर तेज बारिश हुई तो आयोजकों को परेशानी हो सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। खराब मौसम के कारण भी परेशानी हो सकती है। हालांकि स्थानीय नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने एचकेवी में दस स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए हैं, जहां से जांच के बाद ही रैली स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। सुबह करीब 10 बजे 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। इसके बाद आसमान में घने बादल छा गए।