हरियाणा के 5 जिलों में बारिश का अलर्टः, पंजाब-हिमाचल में Yello अलर्ट..

हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। पंचकूला, अंबाला, फरीदाबाद में बादल छाए हुए हैं। महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद और अन्य जगहों पर मौसम साफ है।
पिछले 6 दिनों में राज्य में बारिश की कमी का 56% हिस्सा पूरा हो चुका है। 28 जून को हरियाणा में मानसून ने दस्तक दी थी, तब 92% बारिश की कमी थी, जो अब घटकर 36% रह गई है। मानसून सीजन में राज्य में 41.2 MM बारिश हो चुकी है। अगले 4 दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में हरियाणा के 7 जिलों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश मेवात में दर्ज की गई। यहां 52.5 MM बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भिवानी में 44.2, गुरुग्राम में 43.0, महेंद्रगढ़ में 38.0, अंबाला में 36.5 और हिसार में 31.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पंजाब के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट
पंजाब के 12 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर मोहाली और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं, जबकि अन्य जिलों में बारिश का अलर्ट है, लेकिन स्थिति सामान्य रहेगी।
गुरुवार को राज्य में औसतन 14.8 MM बारिश दर्ज की गई। पिछले 4 दिनों की बात करें तो राज्य में 22.8 MM बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 45% ज्यादा है।
हिमाचल में 2 दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून
बीती रात से हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। इसके चलते दो दिन पहले चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी के पंडोह के चार मील के पास बांध टूट गया था। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इसके चलते अधिकांश भागों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि ऊना, चंबा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
आठ जुलाई के बाद अगले दो-तीन दिन मानसून थोड़ा कमजोर पड़ेगा। भारी बारिश के बाद कीरतपुर-मनाली फोरलेन फिर खतरे की जद में आ गया है। करीब 90 करोड़ की लागत से बना सुंदरनगर बाईपास धंसने लगा है। इसे देखते हुए एक लेन को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।