Weather Update: हरियाणा के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून की बारिश से प्रदेश के कई जिले पूरी तरह भीग गए। मंगलवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश महेंद्रगढ़ में दर्ज की गई। यहां 49.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में बारिश हो सकती है। सोमवार को यहां 163 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा सोनीपत में 16.0 मिमी, सिरसा में 14.0 मिमी, करनाल में 9.0 मिमी, अंबाला में 1.2 और पानीपत में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। महेंद्रगढ़ और हिसार में सड़कों पर ढाई फीट पानी खड़ा है। वहां बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बारिश के बाद भी दिन के अधिकतम तापमान में कोई खास अंतर नहीं देखा गया।
सिरसा आज भी सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में कल यानि 3 जुलाई को मानसून थोड़ा कमजोर रहने की संभावना है। यही वजह है कि मौसम विभाग ने 2 जिलों यमुनानगर और करनाल में बहुत भारी बारिश के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट और सिर्फ 7 जिलों में भारी बारिश के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, पानीपत और सिरसा शामिल हैं। अन्य 13 जिलों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
दूसरी ओर, पंजाब में पिछले 24 घंटों में नंगल, आनंदपुर साहिब, टिबरी, खरड़, हलवारा आईएएफ, फिल्लौर, लुधियाना, धारीवाल, पायल और लुधियाना में बारिश हुई। पंजाब में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो पठानकोट में रहा। वहीं, प्रमुख शहरों में तापमान अमृतसर में 36.3 डिग्री, लुधियाना में 35 डिग्री, जालंधर में 36.1 डिग्री और पटियाला में 35.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कल पंजाब के 12 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। कांगड़ा के धर्मशाला और सिरमौर जिले के नाहन में बारिश हुई है, लेकिन अन्य इलाकों में आज भी मानसून का असर नहीं दिखा। मौसम विभाग ने 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। वहीं, हिमाचल के कांगड़ा में खड्ड में नहाने गए पर्यटक फंस गए। उन्हें बचा लिया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जुलाई तक राज्य में बारिश की संभावना है, लेकिन मानसून के कमजोर पड़ने से बारिश नहीं हो रही है। आज धर्मशाला में 40 और नाहन में 16 एमएम बारिश हुई है।